कहलूर दुग्ध सहकारी सभा सीमित नम्होल के सदस्यों को सम्मानित करते मंत्री राजेश धर्माणी। संवाद
कारोबार की खबर
दूध उत्पादन व संग्रहण में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला पुरस्कार
गुणवत्तापूर्ण दूध संग्रहण, पारदर्शी कार्यप्रणाली से मिली मिली पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सहकारिता विभाग के 72वें वार्षिक समारोह में कहलूर दुग्ध सहकारी सभा सीमित नम्होल को दूग्ध उत्पादन और संग्रहण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने सभा प्रतिनिधियों को सम्मान प्रदान किया और सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कहलूर दुग्ध सहकारी सभा ने पिछले कई वर्ष में गुणवत्ता पूर्ण दूध संग्रहण, स्वच्छता मानकों के पालन और पारदर्शी कार्यप्रणाली के माध्यम से जिले में विशेष पहचान स्थापित की है। सभा अपने सदस्यों से उच्च गुणवत्ता वाले दूध का नियमित संग्रह करती है और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करती है। इससे किसानों का विश्वास संगठन में लगातार बढ़ा है। इसके साथ ही सभा किसानों को पशुपालन से संबंधित तकनीकी जानकारी, पोषक चारे की उपलब्धता और पशु स्वास्थ्य जांच शिविरों के आयोजन जैसे कार्यों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। इन सेवाओं से किसानों की आय में सुधार आया है और क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन भी बढ़ा है। सहकारिता विभाग ने सामाजिक क्षेत्र में दिए गए योगदान, संगठन की ओर से अपनाई गई पारदर्शी और जिम्मेदार कार्यप्रणाली की विशेष प्रशंसा की। कार्यक्रम में सभा सचिव अमित ठाकुर, कमेटी सदस्य पीयूष ठाकुर और राहुल ठाकुर ने सम्मान ग्रहण किया। वहीं विभाग की ओर से सहायक पंजीयक भास्कर कालिया, कार्तिका ठाकुर और खंड निरीक्षक अखिलेश वशिष्ठ सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।