बिलासपुर में प्रेस वार्ता संदीप सांख्यान। संवाद
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। बिलासपुर में पिछले कुछ साल में करीब 13 हजार 169 करोड़ रुपये की लागत वाली चार परियोजनाओं का काम चल रहा है। इसके बावजूद भी जिले में करीब 35 हजार युवा बेरोजगार हैं। इसकी सीधे तौर पर जिम्मेदार भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। यह बात हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता संदीप सांख्यान ने बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि किरतपुर-नेरचौक फोरलेन का निर्माण कार्य 4,318 करोड़ की लागत से पूरा किया जा रहा है। भानुपल्ली-बिलासपुर रेललाइन के लिए 7,335 करोड़ खर्च किया जाना है। एम्स बिलासपुर पर करीब 1,500 करोड़ और हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला का निर्माण कार्य 165 करोड़ से किया गया, लेकिन इतनी परियोजनाओं का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद भी जिले में हजारों युवा बेरोजगार हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता संदीप सांख्यान ने आरोप लगाया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उनके बेटे के नोट पर एम्स में निर्माण कार्य कर रही कंपनियां बाहरी जिले और बाहरी राज्यों के युवाओं को नौकरी दे रही हैं। स्थानीय युवाओं की किसी को कोई चिंता नहीं। सुरक्षा गार्ड की नौकरी के साक्षात्कार के लिए भी नोएडा और रोहिणी के युवाओं को भेजा जा रहा है, जोकि न्यायसंगत नहीं है।
संदीप ने कहा कि उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस पार्टी के टिकट के लिए आवेदन किया है। साथ ही जिले के युवाओं के हित में कार्य करने के लिए एक अभियान जन-जन के नाम शुरू किया। उन्होंने कहा कि वह अपनी नीतियों को लेकर लोगों के बीच जाएंगे। भाजपा नेता जबाव दें कि चार बड़ी परियोजनाएं बिलासपुर में होने के बाद भी बिलासपुर का युवा बेरोजगार क्यों है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में आमजन पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। रसोईगैस सिलिंडर 467 से बढ़कर 1135 रुपये पहुंच गया है। डीजल 58 रुपये से बढ़कर 90 रुपये प्रतिलीटर पहुंच चुका है। इसके अलावा खाद्य वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर वो जनता के बीच में जाएंगे।