ग्राम पंचायत समोह में जनसमस्याएं सुनते विधायक जीतराम कटवाल।
- फोटो : BILASPUR
झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने वीरवार को जन संपर्क अभियान के तहत समोह पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सात वार्डों में जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं भी सुनीं। अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही हल कर दिया।
उन्होंने कहा कि झंडूता विधानसभा क्षेत्र का बिना किसी राजनैतिक भेदभाव के एक समान विकास करवाया जा रहा है, ताकि क्षेत्र पर लगे पिछड़ेपन के दाग को धोया जा सके। चुनावों के समय किए गए सभी वायदों को पूरा करने का प्रयास किया है। विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए झंडूता में लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के मंडल कार्यालय खुले गए हैं। अब लोगों को अपने काम करवाने के लिए घुमारवीं नहीं जाना पड़ेगा। इसी प्रकार सब जज कार्यालय भी खुलवाया गया है।
उन्होंने कहा कि पनौल से जेजवीं तक की सड़क को मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड बनवाया जा रहा है। क्नेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए क्षेत्र में 9 पुलों का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है, जिनमें से पांच पुल बनकर तैयार हैं। आने वाले पांच साल में झंडूता को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा। भाजपा सरकार विकास के नाम पर लोगों से वोट मांगेगी। साथ ही प्रदेश में दोबारा से भाजपा की सरकार बनेगी।
इस अवसर पर बीडीसी अध्यक्ष अभिषेक चंदेल, उपाध्यक्ष शेर सिंह, जिला परिषद सदस्य शैलजा, पंचायत प्रधान सीता देवी, उपप्रधान सुनील शर्मा, अनिल कुमार, कर्मचंद नायक, बुद्धि सिंह, इंद्र सिंह, बिशनदास शर्मा, देशराज शर्मा, लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।