सलापड़ उठाऊ पेयजल योजना निरीक्षण पर पहुंचे विभागीय अधिकारी। स्रोत: जागरूक पाठक
सलापड़ उठाऊ पेयजल योजना के भवन की मरम्मत और स्रोत की सुरक्षा का काम जल्द होगा शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। सलापड़ उठाऊ पेयजल योजना के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्राम पंचायत बरमाणा के प्रधान अवधेश भारद्वाज की ओर से मामला उठाए जाने के बाद जलशक्ति विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को विभाग के सहायक अभियंता प्यारे लाल ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता और संबंधित ठेकेदार ने योजना स्थल का निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया। करीब 15 दिन पहले प्रधान अवधेश भारद्वाज ने योजना के पेयजल स्रोत की सुरक्षा, भवन की जर्जर स्थिति और जरूरी रखरखाव का मामला विभाग के समक्ष उठाया था। उन्होंने पेयजल स्रोत को सुरक्षित करने के साथ भवन की मरम्मत करवाने की मांग की थी। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार ने प्रस्तावित कार्यों को लेकर चर्चा की। विभाग के अनुसार करीब सात दिन में काम शुरू होने की उम्मीद है। योजना के साथ बने दो कमरों की क्षतिग्रस्त छत का दोबारा लेंटर डालने, पूरे भवन की मरम्मत और जीर्णोद्धार के साथ पेयजल स्रोत को जाली और गेट लगाकर सुरक्षित किया जाएगा। परिसर में महादेव की मूर्ति स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। प्रधान अवधेश भारद्वाज ने कहा कि योजना से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास जारी हैं। ग्रामीणों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने के साथ पेयजल स्रोत और योजना की संपत्ति की सुरक्षा भी जरूरी है। उन्होंने विभागीय टीम का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि प्रस्तावित कार्य जल्द शुरू होकर निर्धारित समय में पूरे होंगे।