जगेश्वर महादेव दलाश रविवार को कुल्लू दशहरा पर्व को होंगे रवाना
दलाश (कुल्लू)।
कुल्लू दशहरा पर्व में शामिल होने के लिए दलाश क्षेत्र के आराध्य देवता जगेश्वर महादेव 18 अक्तूबर को अपने देवलुओं और श्रद्धालुओं के साथ रवाना होंगे। रविवार सुबह आठ बजे दलाश मंदिर से देवता की यात्रा शुरू होगी। महादेव करीब 200 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर 21 अक्तूबर को कुल्लू के ढालपुर पहुंचेंगे। देवता की यात्रा को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है। जगेश्वर महादेव दलाश से त्रिशूल स्वरूप में यात्रा शुरू करेंगे। इसके बाद कुल्लू के शमशी के पास टिककर बौऊडी से अपने रथ में सवार होकर ढालपुर के लिए रवाना होंगे। इस बार जगेश्वर महादेव लगातार तीसरी बार कुल्लू दशहरे में शिरकत करेंगे। दशहरा पर्व में देवता अपने देवलुओं और श्रद्धालुओं के लाव-लश्कर के साथ पहुंचेंगे। मंदिर कमेटी के भंडारी चांद वर्मा ने बताया कि 18 अक्तूबर को सुबह आठ बजे दलाश मंदिर से यात्रा का शुभारंभ होगा। देवता के दशहरे में शामिल होने को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।