सलापड़ उठाऊ पेयजल योजना का निरीक्षण करते बरमाणा पंचायत प्रधान। स्रोत: जागरूक पाठक
पंचायत प्रधान ने विभाग से सुरक्षा जाली और गेट लगाने की रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ग्रामीणों के अनुरोध पर बरमाणा पंचायत प्रधान अवधेश भारद्वाज ने बरमाणा से सलापड़ उठाऊ पेयजल योजना का निरीक्षण किया। इस योजना से बरमाणा पंचायत के अधिकांश हिस्सों सहित नहर हरनोड़ा गांव में जलशक्ति विभाग की ओर से पेयजल आपूर्ति की जाती है। निरीक्षण के दौरान योजना स्थल पर पेयजल स्रोत और संग्रहण टैंक की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पंचायत प्रधान ने बताया कि प्राकृतिक जलस्रोत से पानी को संग्रहण टैंक तक पहुंचाने वाले स्थान पर सुरक्षा के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की आवश्यकता है। बंदरों और अन्य जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए सुरक्षा जाली लगाने की भी जरूरत है। उन्होंने विभाग से योजना स्थल के मुख्य प्रवेश द्वार पर गेट लगाने और आवश्यक रखरखाव करवाने की मांग की। इसके अलावा पेंट आदि करवाकर योजना परिसर को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। पंचायत प्रधान अवधेश भारद्वाज ने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए पेयजल स्रोतों की नियमित देखरेख और सुरक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों से योजना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार करवाने का आग्रह किया, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।