घुमारवी के औहर में तेल चुराने के लिए तोड़ी गई कार पाइप। संवाद
- फोटो : BILASPUR
भगेड़ (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के तहत निर्माणाधीन फोरलेन पर भगेड़ से औहर तक के क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बढ़ोत्तरी शुरु हो गई है। चोरी का एक नया मामला बुधवार को सामने आया। सड़क किनारे खड़ी एक कार की पाइप काटकर तेल चोरी कर लिया गया। इसी तरह एक सप्ताह में एक दर्जन से अधिक छोटे और बड़े वाहनों से पेट्रोल-डीजल चोरी हो चुका है। पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त लगाने की मांग की है।
तेल वाहनों की पाइप काट कर चोरी किया जा रहा है। चोर पूरी टंकी खाली करके लोगों को हजारों रुपये का चूना लगाकर परेशानी में डाल रहे हैं। ग्राम पंचायत औहर की प्रधान प्रेमलता ठाकुर ने बताया कि दिवाली के अवसर वह परिवार के साथ मायके गई थी। उनकी कार औहर स्थित घर के पास खड़ी थी। बुधवार को जब वह अपने निजी कार्य से बिलासपुर जा रही थी तो कंदरौर स्थित पेट्रोल पंप पर एक हजार रुपये का तेल डलवाया। जैसे ही तेल डालना शुरू किया सारा तेल जमीन पर गिर गया। इसे देखकर पेट्रोल पंप का सेल्समैन हैरान रह गया। जब गाड़ी के नीचे झांककर देखा तो पाया कि तेल की टंकी से मेन पाइप काट दी है।
प्रेमलता ने कहा कि इससे पहले भी अज्ञात चोरों ने दो बार गाड़ी की स्टेपनियां लेकर नौ दो ग्यारह हो गए थे। तेल चोरी की सूचना थाना में फोन पर दे दी है। उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि रात के समय भगेड़ से औहर तक गश्त लगाई जाए। उधर, डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।