गोबिंद सागर झील में चल रहे वाटर स्पोटर्स टीम के प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन प्रशिक्षुओं को बोट के संतुलन और संचालन की बारीकियों से अवगत करवाया गया। प्रशिक्षण शिविर आज संपन्न होगा और शुक्रवार को टीम भोपाल में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रवाना होगी।
वाटर स्पोटर्स सेंटर बिलासपुर की प्रभारी और कोच जमना ठाकुर ने बताया कि दूसरे चरण के इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। यह खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तैयार हैं। इससे पहले 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भी इन खिलाडिय़ों ने कयाकिंग और कैनोंइंग के गुर सीखे। इस दौरान खिलाडिय़ों को अन्य बेसिक वाटर स्पोटर्स की जानकारी भी दी गई। इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन माउंटेनरिंग इंस्टीट्यूट मनाली और राज्य कयाकिंग एंड केनोइंग एसोसिएशन की ओर से किया गया है। पहले चरण के प्रशिक्षण शिविर 1 से 10 दिसंबर तक आयोजित किया गया। सभी खिलाड़ी वाटर स्पोटर्स का बेसिक प्रशिक्षण प्राप्त किए हुए हैं। प्रशिक्षण शिविर से पहले ट्रायल का आयोजन किया गया था। इसमें 12 खिलाड़ी चयनित हुए थे। इनमें नौ लडक़े और तीन लड़कियां शामिल हैं।