आरोपी ने सुनार की दुकान पर बेचे गहने बरमाणा थाना पुलिस ने जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस थाना बरमाणा के तहत पति ने ही अपनी पत्नी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। आरोपी के पिता ने बरमाणा थाना में मामला दर्ज कराया है। पिता के अनुसार बेटे ने चोरी की बात स्वयं कबूली है। चोरी करने के बाद उसने गहनों को सुनार की दुकान पर बेच दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में बलदेव निवासी गांव सुई डाकघर सुई सुरहाड़ जिला बिलासपुर ने बताया है कि बेटे सतीश कुमार की शादी में बहू को सोने की एक बेसर, एक टीका, चाक, सोने की अंगूठी बनवाई थे, जिनकी कीमत 90 हजार रुपये है। बहू इन गहनों को अपने कमरे में अलमारी में रखती थी। अलमारी से गहने गायब मिले। जब बेटे सतीश कुमार से पूछा तो उसने बताया कि कुछ दिन पहले गहनों को चोरी करके भड़ेतर में सुनार की दुकान पर बेच दिया है। एएसपी शिव कुमार चौधरी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।