संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला टीबी सेल की ओर से विश्व क्षय रोग दिवस के उपलक्ष्य पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को क्षय रोग उन्मूलन के प्रति जागरूक करना रहा। संगोष्ठी की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने की। डॉ. पाठक ने कहा कि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए शीघ्र निदान, पूर्ण उपचार, निरंतर प्रयास, जन जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व क्षय रोग दिवस की थीम हां, हम टीबी खत्म कर सकते हैं रखी गई है। उन्होंने कहा कि रोग की शुरुआती पहचान से ही सही उपचार संभव है, जिससे मरीज शीघ्र स्वस्थ हो सकता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं ताकि जिला टीबी मुक्त बनाया जा सके। इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीबी सेल के सदस्य और अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।