एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। राष्ट्रीय आयुष मिशन भारत सरकार और आयुष विभाग हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में जिला आयुष विभाग बिलासपुर की ओर से आयुष ग्राम कार्यक्रम के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष भगेड़ में आयुष मेला का आयोजन किया गया। मेले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से रोगियों की जांच, परामर्श और निशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। इसके अलावा योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास भी विशेषज्ञों की देखरेख में किया गया। औषधीय पौधों के बारे में जानकारी दी गई और लोगों को औषधीय पौधे भी वितरित किए गए। यह आयोजन जिला आयुष अधिकारी बिलासपुर डाॅ. सुखविंदर कौर के मार्गदर्शन और उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डाॅ. मनीषा रानी गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने किया। इस मौके पर डाॅ. मनीषा रानी गुप्ता ने बताया कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक जीवन शैली, दिनचर्या, ऋतुचर्या, योग, प्राणायाम और आयुष चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देना है।