झंडूता (बिलासपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता में जल्द ही लोगों को 24 घंटे ईसीजी की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। स्वास्थ्य विभाग अन्य कर्मचारियों को ईसीजी के लिए प्रशिक्षित करने जा रहा है जो 24 घंटे अस्पताल में तैनात रहेंगे। क्षेत्र के लोगों को आपातकालीन स्थिति में अस्पताल में ही यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
झंडूता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करीब पचास हजार की आबादी को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। प्रशिक्षित कर्मचारी अपनी सेवाएं सुबह 9:30 से शाम 4 बजे तक ही प्रदान करता है। इसके बाद मरीजों को अन्य स्थानों में ईसीजी करवाने के लिए भटकना पड़ता है। लोगों की परेशानियों को दूर करने के लिए विभाग के अधिकारियों ने कदम उठाने का प्रयास किया है। इससे झंडूता विधानसभा क्षेत्र की डेढ़ दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों की सैकड़ों गांवों की करीब पचास हजार आबादी को लाभ होगा। उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी झंडूता डॉ. परविंद्र सिंह के अनुसार आपातकालीन स्थिति में मरीजों को ईसीजी की सुविधा उपलब्ध नहीं है। 24 घंटे ईसीजी की सुविधा मिले इसके लिए अन्य कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।