स्वारघाट (बिलासपुर)। नयनादेवी में क्वारंटीन युवकों ने केंद्र में भोजन और कमरों में साफ-सफाई न होने की बता कही है। युवाओं ने कहा कि कोरोना पॉजिटिव आने के बाद दो दिन पहले ही युवकों को क्वारंटीन सेंटर में शिफ्ट किया गया है। लेकिन उक्त सेंटर में हर रोज संक्रमितों को दाल खिलाई जाती है। जिस कारण इनको और बीमार होने का डर सता रहा है। युवाओं ने कहा कि सेंटर में सफाई व्यवस्था का बहुत बुरा हाल है। कोई भी सफाई करने नहीं पहुंच रहा है। युवाओं ने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से मांग की है कि क्वारंटीन सेंटर में उचित व्यवस्था उपलब्ध करने के जल्द प्रयास करें। उधर, एसडीएम सुभाष गौतम ने कहा कि क्वारंटीन केंद्रों में रखे गए सभी संक्रमितों का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। प्रशासन इनके स्वास्थ्य जांच से लेकर उनके खाने और आसपास की सफाई पर ध्यान देता है। फिर भी अगर इस तरह का कोई मामला सामने आ रहा है तो उसकी जांच की जाएगी।