झंडूता (बिलासपुर)। राजकीय महाविद्यालय झंडूता में रेड रिबन क्लब की ओर से एड्स जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यकारी प्राचार्य सतीश चंदेल बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को एड्स से बचाव के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि एड्स साथ बैठने, खाना खाने और बातचीत करने से नहीं फैलती है। यह बीमारी नीडल के बार-बार प्रयोग करने, असुरक्षित यौन संबंध और संक्रमित रक्त चढ़ाने से फैलती है। इस महामारी से पीड़ित रोगियों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। अभी इस महामारी का पूर्ण रूप से उपचार नहीं मिला है, लेकिन ऐसी कुछ दवाइयां उपलब्ध हैं। टेस्ट करवाने पर अगर कोई पॉजिटिव आता है तो उसकी जानकारी को गोपनीय रखा जाता है। व्यक्ति को दवाई खाने के लिए पूर्ण रूप से जागरूक किया जाता है। इस दौरान विद्यार्थियों ने रैली निकाली। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब प्रभारी प्रो. शालिनी कुमारी ने की।