झंडूता के मोही में दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइकें। स्रोत: जागरूक पाठक
बरठीं-बद्दाघाट सड़क पर मोही के पास हुआ हादसा, 19 वर्षीय अभिषेक ने एम्स में तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता के तहत बरठीं-बद्दाघाट सड़क मार्ग पर मोही के पास मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवक घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल बरठीं पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए एक युवक को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान अभिषेक कुमार (19) पुत्र मदन लाल निवासी गांव मनन, डाकघर सुन्हाणी के रूप में हुई है। हादसे में घायल दूसरे युवक की पहचान विनोद कुमार (18) निवासी गांव बड़गांव के रूप में हुई है। उसका उपचार किया जा रहा है। एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना तलाई की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ कार्रवाई कर रही है।