अमरपुर पंचायत में आयोजित नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम में भाग लेने वाले ग्रामीण। स्रोत: जागरूक पाठक
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय घुमारवीं की ओर से संचालित नशामुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को ग्राम पंचायत अमरपुर में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं तथा आमजन को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर जन चेतना कला मंच झंडूता के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के कारण व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक तथा आर्थिक दुष्प्रभावों का प्रभावशाली मंचन किया। कलाकारों ने संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार की खुशियों, सामाजिक प्रतिष्ठा और आर्थिक स्थिति को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराई से दूर रहने और अपने जीवन को शिक्षा, खेल, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, महिला मंडल, युवक मंडल तथा ग्रामीणों सहित लगभग 90 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।