ग्राम पंचायत बैरी दड़ोला में आयोजित नुक्कड़ सभा में मौजूद ग्रामीण। स्रोत: डीपीआरओ
बैरी दड़ोला और बैहना जट्टा पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से जिला बिलासपुर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को विभाग से अनुमोदित सांस्कृतिक दल अमरज्योति कला मंच ने ग्राम पंचायत बैरी दड़ोला और बैहना जट्टा में नुक्कड़ नाटक, लोकनाट्य और गीत-संगीत के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन दल की प्रधान अमरावती मोहिला ने किया, जबकि दोनों पंचायतों के प्रधानों ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अनुसूचित जाति कल्याण योजनाएं, स्वच्छ भारत मिशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, डॉ. आंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री विधवा कल्याण योजना और स्वर्ण जयंती आश्रय योजना की जानकारी दी। कार्यक्रम में दोनों पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान, बीडीसी सदस्य, वार्ड सदस्य सहित करीब 120 ग्रामीण मौजूद रहे।