श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। श्री नयना देवी जी के इस स्थल में धार्मिक आस्था के साथ साथ पर्यटन की संभावना भी न्यास तराश रहा है। पर्यटन की दृष्टि से एक ग्लास स्काई वॉक ब्रिज बनाया जाएगा। इससे बाहर से आए श्रद्धालुओं को यहां की वादियों का भी नजारा देखने को मिलेगा। वहीं, न्यास की आय में भी वृद्धि होगी। यह बात श्री नयना देवी जी में उपायुक्त रोहित जम्वाल ने कही। उन्होंने कहा कि श्री नयना देवी में हवा का मापन का भी अध्ययन किया जाएगा। ताकि यहां पैराग्लाइडिंग की गतिविधि भी हो तथा युवाओं को भी नया रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि मंदिर को आने वाली सड़क भी काफी खस्ता हालत में है। गत वर्ष इसकी चौड़ाई का काम किया गया था, अब न्यास इस सड़क का जीर्णोद्धार करेगा। न्यास इसमें 1 करोड़ 40 लाख रुपये लोक निर्माण विभाग को देगा। जम्वाल ने कहा कि सोलर लाइट पर भी न्यास की बैठक में चर्चा हुई थी तथा न्यास ने फैसला लिया कि जहां भी आवश्यकता होगी वहां पर सोलर लाइट लगाई जाएगी।