-आरोपी मंडी, कुल्लू और बिलासपुर के निवासी, जांच जारी
- सदर, बरमाणा पुलिस सहित विशेष टीम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले की पुलिस ने तीन मामलों में चरस और चिट्टा के साथ चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिलासपुर, मंडी और कुल्लू के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार सदर पुलिस के एक दल ने बुधवार रात को किरतपुर-मनाली फोरलेन पर मंडी भराड़ी चौक पर नाका लगाया था। इसी बीच एक कार को रोका गया। तलाशी लेने पर 582.83 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान विनोद कुमार निवासी गांव तहसील भुंतर जिला कुल्लू के रूप में हुई। दूसरे मामले में पुलिस की विशेष टीम ने फोरलेन पर ही गरामोड़ा में नाकाबंदी की थी। इसी बीच पंजाब की ओर से आ रही एक कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार के डैशबोर्ड में रखा 6.60 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान लीलाधर निवासी गांव साबल डाकघर बटवाड़ा तहसील सुंदरनगर जिला मंडी और संजय कुमार निवासी गांव साबल डाकघर बटवाड़ा तहसील सुंदरनगर जिला मंडी के रूप में हुई है। तीसरे मामले में बरमाणा पुलिस ने गश्त के दौरान त्रिवेणी घाट में एक युवक से 44 मिलीग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी की पहचान अमर चंद उर्फ पिंकू निवासी गांव शीला डाकघर सिकरोहा जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। मामलों की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने की है।