श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। भारी बरसात के दौरान प्रभावित हुई श्री नयनादेवी जी-दबट पेयजल योजना पर लगे पांच आउटसोर्स कर्मियों को काम पर नहीं आने पर हटा दिया गया। जल शक्ति विभाग ने पेयजल योजना की मरम्मत कार्य को करने के लिए अब पांच अस्थायी कर्मचारियों को नियुक्त कर लिया है। जल शक्ति विभाग श्री नयनादेवी जी के अधिशासी अभियंता सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि इन कर्मचारियों ने आपात स्थिति में विभाग का साथ नहीं दिया। ऐसे कर्मचारियों को रखने का कोई भी लाभ नहीं है। दो-तीन दिन लगातार बारिश ने तबाही मचाई है। दबट पेयजल योजना के पंप हाउस में पानी भर जाने के कारण स्कीम प्रभावित हुई है। ऐसे में इन कर्मचारियों का भी सहयोग आवश्यक था। बावजूद इसके उन्होंने विभाग का साथ नहीं दिया। उन्होंने उनसे योजना को बहाल करने के लिए सहयोग भी मांगा तो उन्होंने इंकार कर दिया। अब सारा कार्य पूरा हो चुका है। जल्दी श्री नयनादेवी जी क्षेत्र के लोगों को पूरी तरह से पानी सुचारु रूप से दिया जाएगा।