बीडीटीएस में ऑपरेटरों का धरना खत्म। स्रोत: बीडीटीएस
एसीसी सीमेंट फैक्ट्री के अदाणी प्रबंधन से गागल प्लांट में होगी संयुक्त बैठक
ढुलाई कार्य कम होने से आर्थिक संकट में घिरे ऑपरेटरों ने उठाया था मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एसीसी सीमेंट फैक्ट्री बरमाणा में ढुलाई कार्य कम होने के विरोध में पांच दिन से चल रहा बीडीटीएस का धरना सोमवार को समाप्त हो गया। अदाणी प्रबंधन की ओर से तीन अक्तूबर को बीडीटीएस के साथ संयुक्त बैठक करने का लिखित आश्वासन मिलने के बाद बीडीटीएस प्रधान जीत राम गौतम सहित 21 सदस्यों ने धरना खत्म किया। अब तीन अक्तूबर को गागल प्लांट कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच बैठक होगी। बीडीटीएस की ओर से पिछले कुछ समय से बरमाणा प्लांट में सीमेंट-क्लिंकर की ढुलाई कम होने का मुद्दा उठाया जा रहा था। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि पर्याप्त ढुलाई कार्य नहीं मिलने से ऑपरेटरों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो रहा है। इसी के विरोध में पांच दिन पहले धरना शुरू किया गया था। बीडीटीएस ने प्लांट में उत्पादन और डिस्पैच बढ़ाकर ट्रांसपोर्टरों को पर्याप्त ढुलाई कार्य उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है। सोमवार को अदाणी प्रबंधन ने बीडीटीएस को पत्र भेजकर तीन अक्तूबर को बैठक के लिए आमंत्रित किया। पत्र में कहा गया है कि कम परिवहन मात्रा और अन्य व्यावसायिक मामलों को लेकर बीडीटीएस और जिला प्रशासन की ओर से दिए गए प्रतिवेदनों के संदर्भ में बैठक बुलाई गई है। कंपनी के अनुसार वर्तमान में छमाही वित्तीय लेखा-जोखा पूरा करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसके चलते कई अधिकारी व्यस्त हैं। माह समाप्त होने के बाद सभी संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में मुद्दों पर चर्चा हो सकेगी। प्रबंधन ने एसीसी गागल प्लांट में उत्पादन और डिस्पैच अधिकतम करने के प्रयास जारी रखने का भरोसा भी दिया है। वहीं, बीडीटीएस महासचिव प्रदीप ठाकुर और पूर्व महासचिव सुरेश चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि लिखित आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया है। अब तीन अक्तूबर की बैठक के नतीजे पर आगे की रणनीति तय होगी।