बिलासपुर। पंचायत चुनाव को लेकर जिले में अनुपूरक मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत यह प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि यह प्रकाशन उन ग्राम पंचायतों के लिए किया गया है, जो पंचायतों के विभाजन या पुनर्गठन से प्रभावित नहीं हुई हैं और जिनकी मतदाता सूचियों के लिए पहले प्रपत्र-15 जारी किया जा चुका था। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं हो पाया है, तो वह निर्धारित प्रारूप-2, 3 और 4 भरकर आवेदन कर सकता है। यह आवेदन जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कार्यालय या जिला पंचायत अधिकारी, बिलासपुर के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर कार्यालय समय में जमा किए जा सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने की यह प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग की ओर चुनाव कार्यक्रम घोषित होने तक ही जारी रहेगी। इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। संवाद