फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: भटेड़ दोराहे पर एक माह में पांचवां हादसा, महिला गंभीर

विज्ञापन
भटेड़ कस्बे के समीप दोराहा पर हुई कार और बाइक की टक्कर
विज्ञापन
कार-बाइक की हुई टक्कर, ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की उठाई मांग
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भटेड़ कस्बे के समीप दोराहा हादसों का अड्डा बन गया है। शुक्रवार को यहां कार और बाइक की टक्कर में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल चंपा देवी निवासी पपलाह को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भराड़ी पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार एक माह में इस स्थान पर यह पांचवां सड़क हादसा है। वहीं, करीब तीन माह में यहां दर्जनभर बड़े हादसे हो चुके हैं। लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से लोगों में रोष है। पंचायत प्रधान अनिशा शर्मा ने बताया कि भटेड़ के समीप मुख्य सड़क से पदयाण, गाहर और देहलवीं गांवों की ओर जाने वाली संपर्क सड़क मुख्य मार्ग में मिलती है। संपर्क सड़क पर तीखी उतराई के बाद मोड़ है। इससे संपर्क सड़क से मुख्य मार्ग पर आने वाले वाहन चालकों को मुख्य सड़क पर चल रहे वाहनों का समय रहते अंदाजा नहीं लग पाता। वहीं, मुख्य सड़क से आने वाले वाहन चालकों को भी संपर्क सड़क से निकलकर आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। कम विजिबिलिटी के कारण यहां टक्कर का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोराहे पर न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही ब्लाइंड टर्न का चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। अबतल दर्पण भी नहीं लगाया गया है। इसके चलते मोड़ पर वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ग्रामीणों का कहना है कि हर सप्ताह यहां हादसे की स्थिति बन रही है। ऐसे में किसी बड़े हादसे से पहले सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं। स्थानीय निवासी रमेश, ताराचंद, संजीव और संदीप ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना स्कूली बच्चों के अलावा बुजुर्ग, महिलाएं और अन्य राहगीर गुजरते हैं। कम विजिबिलिटी वाला यह मोड़ राहगीरों के लिए भी खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से दोराहे पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, ब्लाइंड टर्न संकेतक और अबतल दर्पण लगाने की मांग की है। साथ ही जरूरत पड़ने पर यातायात पुलिस तैनात करने की मांग भी उठाई है। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ पंकज ने कहा कि भटेड़ दोराहे पर जल्द सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। यहां स्पीड ब्रेकर लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें