घुमारवीं में आयोजित समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित करते पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग।
पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग बोले- पंचायत चुनावों में भाजपा को मिला जनता का समर्थन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। पंचायत और नगर निकाय चुनावों में विजयी भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों के सम्मान में सोमवार को घुमारवीं में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने निर्वाचित प्रतिनिधियों को हिमाचली टोपी और पार्टी का मफलर पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान राजेंद्र गर्ग ने जनप्रतिनिधियों को संगठन की आगामी रणनीति से अवगत करवाया और जनसेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनावों में 75 प्रतिशत से अधिक प्रधान और उपप्रधान भाजपा समर्थित निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने इसे ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास का परिणाम बताया। कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए गर्ग ने कहा कि पंचायत और नगर निकाय चुनावों के नतीजों से जनता का रुख साफ हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और प्रदेश आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीण विकास की मुख्य कड़ी होते हैं। जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना है, उसे बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से बिना भेदभाव विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और ईमानदारी से जनसेवा करने की अपील की।