बिलासपुर में तरघेल से लदरौर सडक़ का चलता कार्य । संवाद
विकास की बात
- सात किलोमीटर लंबी सड़क पर खर्च होंगे 5.60 करोड़ रुपये
- क्षेत्र की दर्जन भर पंचायतों सहित हमीरपुर के लोगों को भी मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के तहत तरघेल से लदरौर सड़क का विस्तारीकरण कार्य शुरू हो गया है। सड़क के विस्तारीकरण पर 5.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस सड़क के उन्नयन कार्य से इस क्षेत्र की दर्जन भर पंचायतों के साथ हमीरपुर जिले के लोगों को भी लाभ मिलेगा। सड़क का विस्तारीकरण का काम फुल डेप्थ रीक्लेमेशन (एफडीआर) तकनीक से किया जा रहा है। सात किलोमीटर लंबी सड़क पर डंगों के निर्माण के साथ पैरापिट और क्रैश वैरियर लगाए जाएंगे। एक दर्जन से अधिक तीखे मोड़ों को सीधा किया जाएगा। सड़क पर दस से ज्यादा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को दुरुस्त किया जाएगा। अभी सड़क पर 3 मीटर का पक्का हिस्सा है। विस्तारीकरण के बाद पक्की सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर हो जाएगी। एफडीआर तकनीक से बनने वाली प्रमुख सड़कों के तहत इस सड़क का भी चयन हुआ है। सड़क के दोनों तरफ पानी निकासी के लिए नालियां बनाई जाएंगी। एफडीआर तकनीकी से इस सड़क पर जो बजरी और कंकरीट पहले लगा हुआ है, उसी बजरी और कंकरीट को उखाड़ कर दोबारा इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा बरसात के दौरान सड़क पर किसी तरह से पानी जमा न हो उसके लिए खास तकनीक से व्यवस्था की गई है। एफडीआर तकनीक से बनाई जा रही सड़क से पहाड़ियों के दरकने का खतरा नही रहेगा। स्थानीय विधायक एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने इस सड़क के विस्तारीकरण के लिए कारगर कदम उठाए हैं। उन्होंने भौगोलिक दृष्टि को देखते हुए इस सड़क का निर्माण एफडीआर तकनीक से करवाने के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों को खास दिशा निर्देश देते हुए हर कार्य का समय-समय पर जायजा लेने को कहा है। काम में कोई कोताही न हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।