जगत प्रकाश नड्डा के निवास स्थान विजयपुर में की शिवलिंग की स्थापना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निवास स्थान विजयपुर में शनिवार को शिवलिंग की स्थापना की गई। इस दौरान विधिवत पूजा अर्चना और हवन यज्ञ के साथ शिवलिंग स्थापित किया गया।
इस कार्यक्रम में जगत प्रकाश नड्डा, उनकी धर्मपत्नी डॉ. मल्लिका नड्डा, पिता नारायण लाल नड्डा सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। इस मौके पर कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इसमें हिमाचल के प्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक सोनी ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। उन्होंने गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए डुग्गी डुग्गी नदियां.., काम बंदया.., मेरा भोला मस्त मलंग.., भोले तेरी शादी.., मैं गलिए गलिए रोई.., मेरी मंगनी हो गई नी.. और आज पगतां दे मेले.. सहित कई भजन सुनाकर पंडाल में उपस्थित भक्तों को खूब झुमाया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग, जगत प्रकाश नड्डा के पुत्र हरीश नड्डा ने भजन गायक अभिषेक सोनी को चुनरी, टोपी और भोले शंकर की प्रतिमा देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक त्रिलोक जमवाल, झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान और मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।