बिलासपुर। उपमंडल श्री नयनादेवी जी के झजर गांव में रेलवे टनल के निर्माण कार्य में लगे मैकेनिकल इंजीनियर को कुछ लोगों ने पीट दिया। हमलावरों ने पत्थर भी मारे। मारपीट में मैकेनिकल इंजीनियर कपड़े तक फट गए। मामले की शिकायत कोट कहलूर थाना में दी है।
शिकायत में मैकेनिकल इंजीनियर लीला केंकट कृष्णा रेडी ने बताया है कि गांव झजर में भानूपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन की टनल नंबर आठ पर काम कर रहा था। इसी बीच दो गाड़ियों में कुछ आदमी आए और सीधा हमला कर दिया। उन्होंने काफी देर तक पीटा और गालियां दी। मारपीट में कपड़े भी फट गए। मौके पर मौजूद अन्य कामगारों ने उसे छुड़वाया। जाते हुए उन लोगों ने उसे पत्थर भी मारे और टनल में काम करने पर जान से मारने की धमकियां दे गए। शिकायतकर्ता के अनुसार हमला करने वाले स्थानीय लोग थे। डीएसपी श्री नयनादेवी जी शेर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।