- कांगड़ा में आए भूकंप की बरसी पर उपायुक्त कार्यालय में मॉकड्रिल आयोजित
- त्वरित कार्रवाई करने के लिए मॉकड्रिल अत्यंत आवश्यक : उपायुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कांगड़ा में 1905 में आए भूकंप की बरसी पर उपायुक्त कार्यालय में वीरवार को मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। मॉकड्रिल में 5.2 तीव्रता का भूकंप आने के बाद परिस्थितियां निर्मित की गई। इस दौरान भवन में फंसे लोगों को होमगार्ड के जवानों ने छत से रस्सियों के सहारे स्ट्रेचर से बांध कर बाहर निकाला गया। जबकि कुछ को पकड़ कर बाहर निकाला गया। वहीं, दमकल कर्मियों ने भूकंप के बाद लगी आग पर काबू पाया। घायल लोगों को मौके पर मौजूद चिकित्सक निशांत वर्धन की अगुवाई में मेडिकल टीम ने उपचार किया। आंशिक रूप से सात घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रेफर किया। मॉकड्रिल में होमगार्ड, दमकल कर्मी और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कर्मचारी शामिल रहे। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि आपदा के समय त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने के लिए समय-समय पर की जा रही मॉकड्रिल अत्यंत आवश्यक और प्रभावी है। इस प्रकार के मॉकड्रिल जिले में निरंतर रूप से किए जाते हैं, ताकि आपदा के समय यह प्रशिक्षण काम आए और लोगों की जान माल की रक्षा के लिए त्वरित कार्रवाई अमल में लाई जाए। मॉकड्रिल प्रशिक्षण का एक हिस्सा है। यह कमियों को ठीक करने के लिए प्रेरित करता है।