आयोजन को लेकर बम्म बाजार में बैठक में उपस्थित पंचायत सदस्य व महिला मंडल सदस्य। स्रोत: युवक मंडल
- फोटो : Archive
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। बम्म बाजार में अब हर वर्ष विजयदशमी पर दशहरा मेले की रौनक सजेगी। ग्राम पंचायत बम्म ने इस पर्व पर हर वर्ष मेले के आयोजन का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में पंचायत के सहयोग से आदर्श युवक मंडल बम्म की ओर से 20 अक्तूबर को लोक उत्सव एवं दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। ग्राम पंचायत प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि मेले को गांव की परंपरा का हिस्सा बनाने और क्षेत्र के लोगों को मिलकर त्योहार मनाने का अवसर देने के लिए यह पहल की गई है। पंचायत हर वर्ष विजयदशमी पर बम्म बाजार में दशहरा मेले का आयोजन करेगी। पंचायत उपप्रधान मनीष शर्मा ने कहा कि मेले से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पाद बेचने और कारोबार बढ़ाने का अवसर मिलेगा। मेले में महिला मंडलों और युवक मंडलों के लिए विभिन्न खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ आपसी भाईचारा मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि बम्म बाजार को क्षेत्र की प्रमुख व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनाने के लिए पंचायत स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। लोगों के सुझाव और सहयोग से आने वाले वर्षों में मेले को और भव्य रूप दिया जाएगा। आयोजकों ने आसपास की पंचायतों के लोगों, व्यापारियों, दुकानदारों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और युवाओं से मेले में भाग लेने की अपील की है। व्यापारियों को भी दुकानें लगाने के लिए आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से 20 अक्तूबर को बम्म बाजार पहुंचकर लोक उत्सव एवं दशहरा मेले में शामिल होने और इस नई परंपरा को सफल बनाने का आग्रह किया है।