बिलासपुर। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय बिलासपुर ने मार्च के लिए मोटर वाहन निरीक्षक का शेड्यूल जारी कर दिया है। जिले के विभिन्न आरटीओ व आरएलए कार्यालयों में निर्धारित तिथियों पर वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। बिलासपुर आरटीओ एचपी-69 में 6 मार्च, 25 मार्च को वाहनों की पासिंग की जाएगी। वहीं यहां 10 मार्च और 30 मार्च को दोपहर एक बजे से पहले ड्राइविंग टेस्ट होगा। बिलासपुर आरएलए एचपी-24 में 23 मार्च को ड्राइविंग टेस्ट निर्धारित किया गया है। बरमाणा में 11 मार्च को वाहनों की पासिंग की जाएगी, जबकि रानीकोटला में 20 मार्च को वाहनों का निरीक्षण होगा। घुमारवीं आरएलए एचपी-23 में 12 मार्च और 28 मार्च को वाहन पासिंग निर्धारित की गई है। वहीं 13 मार्च और 27 मार्च को ड्राइविंग टेस्ट आयोजित होंगे। झंडूता आरएलए एचपी-89 में 18 मार्च को वाहन पासिंग के साथ-साथ इसी दिन दोपहर एक बजे से पहले ड्राइविंग टेस्ट भी लिया जाएगा। स्वारघाट आरएलए एचपी-91 में 24 मार्च को वाहन पासिंग तथा उसी दिन दोपहर एक बजे से पहले ड्राइविंग टेस्ट होगा। वहीं टोबा आरएलए एचपी-91 में 9 मार्च को वाहन पासिंग और उसी दिन दोपहर एक बजे से पहले ड्राइविंग टेस्ट निर्धारित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ड्राइविंग टेस्ट सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किए जाएंगे, जबकि जिन दिनों वाहन पासिंग भी होगी, उन दिनों वाहन निरीक्षण दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। सभी स्थानों पर वाहन निरीक्षण स्लॉट प्रणाली के आधार पर किया जाएगा। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर राजेश कौशल की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर परीक्षण स्थलों पर पुलिस विभाग की सहायता भी ली जाएगी, ताकि ड्राइविंग टेस्ट और वाहन पासिंग की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।