दयोली में मनाया विश्व किडनी दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला(बिलासपुर)। सदर उपमंडल की ग्राम पंचायत दयोली में विश्व किडनी दिवस पर खंड स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता पंचायत प्रधान विमला देवी ने की। शिविर में स्वास्थ्य शिक्षक विजय कुमारी ने किडनी रोग से पीड़ित रोगियों के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि गुर्दे युग्मक अंग होते हैं जो कई कार्य करते हैं। यह हमारी मूत्र प्रणाली का एक आवश्यक भाग है। थकावट, पैरों में दर्द, खूनी दस्त, भूख में कमी, बिस्तर गीला होना, पेशाब में रक्त, अतिसार या डायरिया, पेशाब की मात्रा में बढ़ोतरी, पेशाब के दौरान जलन या दर्द, आंखों चेहरे पैरों और टखनों के आसपास सूजन गुर्दे के रोगियों के लक्षण होते हैं। किडनी रोग से बचाव के लिए रोज 10 से 12 गिलास पानी पीना चाहिए। इसके अलावा हरी सब्जियां ज्यादा खाएं, ताजा फल खाएं, अंगूर अधिक मात्रा में खाएं, क्योंकि यह किडनी से फालतू यूरिक एसिड बाहर निकालते हैं। खाने में नमक, सोडियम और प्रोटीन कम खाएं। साल में कम से कम एक बार ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच कराएं। कार्यक्रम में सीएचओ संतोष कुमारी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता नीलम कुमारी, आशा वर्कर डोलमा, निशा, आशा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।