झंडूता के बरठीं में सड़क पर बहता गंदा पानी। संवाद
- फोटो : BILASPUR
बरठीं (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता के बरठीं में मुख्य चौक से अस्पताल के लिए बनी सड़क के किनारे बनी नालियां मलबे से बंद हो चुकी हैं। इस कारण गंदा पानी के लगातार सड़क पर बहता रहता है, जिससे बच्चों, मरीजों और आम जनता को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
इसी समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने वीरवार को चिकित्सा अधिकारी बरठीं को ज्ञापन भी सौंपा। स्थानीय निवासी जमनू, ममता, अनीता, असलम, आयुष, राज कुमार, सीता राम, हंसराज, रविंदर, लेखराम सहित अन्य ने बताया कि नालियों के ब्लॉक हो जाने से घरों और दुकानों का गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। इस कारण सड़क से गुजरना तथा दुकानों और घरों में बैठना मुश्किल हो गया है, जबकि इसी स्थान के बिल्कुल पास ही पानी का हैंडपंप भी है।
उन्होंने बताया कि गंदगी से लबालब नालियों की वजह से इतने से क्षेत्र में करीब 15 लोग डेंगू के शिकार हो चुके हैं। इस बारे में उन्होंने पंचायत प्रधान को भी अवगत करवाया है, लेकिन अभी तक कोई भी आवश्यक कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। उन्होंने ग्राम पंचायत बरठीं के पदाधिकारियों और लोक निर्माण विभाग से इस समस्या के समाधान की मांग की।
उधर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद टंडन नें बताया कि गंदे पानी और अस्पताल तथा स्कूल रोड पर नाली के ब्लॉक होने की समस्या ध्यान में आई है। इसके समाधान के चलते गहन संज्ञान लिया जाएगा। पंचायत के साथ आईपीएच विभाग को भी इस समस्या बारे अवगत करवाकर इसके समाधान के लिए कहा जाएगा। उन्होंने बताया कि डेंगू के बचाव के चलते वे लोगों को सचेत किया जा रहा है।