सराहन दशहरा मेले के समापन पर भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा में उमड़े श्रद्धालु। संवाद
19 देवी-देवताओं की मौजूदगी में निकली पारंपरिक रथयात्रा, जय सियाराम के जयकारों से गूंजा सराहन
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)।सराहन का जिला स्तरीय चार दिवसीय दशहरा मेला शुक्रवार को भगवान रघुनाथ की मंदिर वापसी के साथ संपन्न हो गया। शाम करीब पांच बजे मनचखंडी से भगवान रघुनाथ की पारंपरिक रथयात्रा निकाली गई। इस दौरान 19 देवी-देवता भी वापसी यात्रा में शामिल हुए। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों और जय सियाराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में अंतिम दिन रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई। श्रद्धालुओं ने रघुपति राघव राजा राम और जय सियाराम के जयकारों के साथ रथ को खींचते हुए मनचखंडी से मंदिर के मुख्यद्वार तक पहुंचाया। यहां से भगवान श्री रघुनाथ को पालकी में विराजमान कर मंदिर तक ले जाया गया। इसी के साथ चार दिवसीय दशहरा मेले का विधिवत समापन हुआ। मेले के अंतिम दिन दरबार में देवलुओं और श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों पर नाटी डालकर उत्सव का आनंद लिया। मेले में पहुंचे लोगों ने भगवान रघुनाथ का आशीर्वाद लिया। साथ ही बाहर से आए देवी-देवताओं के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। भगवान रघुनाथ की मंदिर वापसी के बाद भीमाकाली मंदिर न्यास के अधिकारियों ने मेले में शामिल होने आए सभी देवी-देवताओं को नजराना भेंट कर विदाई दी। इसके बाद मेले में पहुंचे लोगों ने जलेबी, पकौड़े और अन्य सामान की खरीदारी की तथा अपने घरों की ओर लौट गए। समापन अवसर पर भीमाकाली मंदिर न्यास के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह, सराहन मंदिर प्रभारी सुभाष चौहान, पंचायत प्रधान सोहन पांटू, न्यासी राजेश लारजू, मंदिर पूजा कमेटी के अध्यक्ष गंगा सिंह मेहता और व्यापार मंडल प्रधान शेर सिंह सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
सराहन दशहरा मेले के समापन पर भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा में उमड़े श्रद्धालु। संवाद