- प्रतियोगिता के आधार पर राज्य स्तरीय के लिए होगा चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर बैडमिंटन संघ के तत्वाधान में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 21 जुलाई को लुहणू इंडोर स्टेडियम में होगी। इस प्रतियोगिता के आधार पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। संघ के जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सब जूनियर के अंडर-11, अंडर-13 और अंडर-15 वर्ग में प्रतियोगिता होगी। वहीं, जूनियर के अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में प्रतियोगिता का आयोजन लुहणू स्थित कहलूर इंडोर बैडमिंटन हॉल में सुबह 9:30 बजे से किया जाएगा। सब जूनियर और जूनियर वर्गों में एकल, युगल, और मिश्रित युगल के मुकाबले आयोजित होंगे। प्रदेश बैडमिंटन संघ के सयुंक्त सचिव विभोर शर्मा प्रतियोगिता के आयोजन सचिव होंगे। आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अपना जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड प्रतियोगिता के दौरान अपने साथ रखना होगा। एंट्री 21 जुलाई को सुबह 9:30 बजे ही इंडोर हॉल में की जाएगी। प्रदेश बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में सत्र 2024-25 में आयोजित होने वाली विभिन्न राज्य-स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली बिलासपुर की टीमों का चयन भी इसी प्रतियोगिता के आधार पर किया जाएगा।