बिलासपुर। बिलासपुर के डियारा सेक्टर और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में डायरिया के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पांच टीमें गठित कर दी हैं। बुधवार को जिला अस्पताल में 30 नए केस दर्ज किए गए हैं। अब तक 130 लोग डायरिया की चपेट में आ चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉक्टर प्रकाश दड़ोच ने बताया कि डायरिया से निपटने के लिए तीन टीमें डियारा सेक्टर के वार्ड नंबर 8, 9 और 10 में तैनात की गई हैं। दो टीमों को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में भेजा गया है। सभी टीमें घर-घर जाकर दस्त रोग से पीड़ित लोगों की जानकारी लेकर नि:शुल्क दवाइयां दे रही हैं। लोगों को डायरिया के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को जागरूकता प्रचार सामग्री भी वितरित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि डायरिया होने पर लोग घरेलू उपचार भी कर सकते हैं। दस्त लगने पर चावल का पानी, दाल का पानी, नमकीन लस्सी, हल्की चाय और जीवन रक्षक घोल पिलाएं। अगर दस्त ज्यादा हो जाएं तो तुरंत अस्पताल आएं।