घुमारवीं (बिलासपुर)। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग 16 अगस्त रविवार को घुमारवीं चुनाव क्षेत्र के दौरे पर होंगे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री राजेंद्र गर्ग सलाओं, भपराल व दधोल खुर्द में शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। वहीं जनता की समस्याएं सुनकर उनका समाधान भी करेंगे। घुमारवीं भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने बताया कि रविवार को कैबिनेट मंत्री 11 बजे सलाओं में होंगे। इस दौरान वह जल जीवन मिशन के तहत 92.41 लाख रुपये से निर्मित होने वाली उठाऊ पेयजल योजना सलाओं, माकड़ी व भदरेट का शिलान्यास करेंगे। वहीं 4.65 लाख रुपये से बने सामुदायिक शेड सलाओं का उद्घाटन करके लोगों को समर्पित करेंगे। मंत्री दोपहर एक बजे भपराल में होंगे। जहां पर तीन लाख रुपये से बनने वाले महिला मंडल भपराल के भवन का शिलान्यास किया जाएगा। तीन बजे दधोल खुर्द में तीन लाख रुपये से बनने वाले सामुदायिक भवन का शिलान्यास करने के बाद लोगों से रूबरू होंगे। ठाकुर ने बताया कि कैबिनेट मंत्री राजेंद्र गर्ग रविवार शाम को घुमारवीं में ही रहेंगे तथा सोमवार सुबह शिमला रवाना हो जाएंगे।