संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। घुमारवीं क्षेत्र के होनहार छात्र आदित्य की जेईई एडवांस्ड-2026 में शानदार सफलता पर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है। आदित्य ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड-2026 में ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 177 हासिल की है। इसके आधार पर उन्हें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शाखा में प्रवेश मिला है। उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि आदित्य की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आदित्य ने अपनी प्रतिभा और लगन से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे बिलासपुर जिले का नाम भी रोशन किया है।