कहा, 700 से अधिक स्कूल चल रहे बिन प्रधानाचार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल स्कूल प्रवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षा विभाग और राज्य सरकार से मांग की कि शीघ्र प्रधानाचार्य पदोन्नति सूची जारी की जाए।
प्रेस को जारी बयान में बिलासपुर के अध्यक्ष नरेश ठाकुर, महासचिव लक्ष्मी कांत, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूपिंद्र ठाकुर, बलवंत ठाकुर, सुरेंद्र रनौत, संजीव कौशल, विजय शर्मा, सुरेश कुमार, हरविंद्र, विकास चौहान आदि ने कहा कि वर्तमान में 700 से अधिक स्कूल बिना प्रधानाचार्य के चल रहे हैं। एक तरफ सरकार शिक्षा में सुधार लाने के प्रयास कर रही है, वहीं बिना प्रधानाचार्य के इतने स्कूल होना निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि 1999 में नियुक्त हुए प्रवक्ताओं को लगभग 25-26 साल की सेवा के बाद भी पदोन्नति नहीं मिल पाई है और हर महीने बिना पदोन्नति के ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। पिछले दो साल से सरकार ने प्रधानाचार्य पदोन्नति सूची जारी नहीं की है। इससे प्रवक्ता साथियों में सरकार के प्रति निराशा है। इसके अलावा सरकार को 11 सूत्रीय मांगपत्र भेजा। प्रवक्ता संघ ने मांग कि प्रधानाचार्य पदोन्नति कोटा प्रवक्ताओं के पक्ष में 90:10 किया जाए। प्रवक्ता संघ ने सरकार से छठे वित्त आयोग की देय बकाया राशि और बकाया महंगाई भत्ते की किस्त भी जारी करने की मांग की। कॉलेज के लिए पात्र प्रवक्ताओं को 25 प्रतिशत पदोन्नति दी जाए और प्रवक्ताओं का प्रारंभिक वेतन 47,000 हजार रुपये किया जाए।