उपायुक्त को को ज्ञापन देकर चैनलाइजेशन करने की मांग
नालू के पास पहाड़ी कटिंग से निकला है जलस्रोत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर से संगीरठी मंदिर की ओर करीब एक किलोमीटर आगे नालू के पास पहाड़ी कटिंग के दौरान निकले प्राकृतिक जलस्रोत को संरक्षित कर राजपुरा गांव की पेयजल व्यवस्था से जोड़ने की मांग उठी है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता रजनीश शर्मा ने उपायुक्त बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर यह मांग की है।ज्ञापन में कहा गया है कि जलस्रोत का पानी फिलहाल सड़क पर खुले में बह रहा है। इससे सड़क पर नमी और कीचड़ बनी रहती है और वाहन चालकों व राहगीरों को हादसे का खतरा रहता है। आसपास के कुछ लोग पानी का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन व्यवस्थित व्यवस्था नहीं है। रजनीश शर्मा ने जलशक्ति विभाग और फोरलेन निर्माण कंपनी के सहयोग से पानी को चैनलाइज कर पाइपलाइन से राजपुरा की पेयजल व्यवस्था से जोड़ने की मांग की। पानी की मात्रा और गुणवत्ता की जांच तथा तकनीकी परीक्षण का भी आग्रह किया। नालू के पास प्राचीन पीपल और वट वृक्ष के आसपास पानी की टंकी या प्याऊ लगाने की मांग भी की गई है।