चिड़गांव बाजार में तंग सड़क पर खड़े वाहन
सत्संग भवन से शिव मंदिर तक सड़क बनाने का सुझाव, बढ़ते यातायात से परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
चिड़गांव (रोहड़ू)।
चिड़गांव बाजार में बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क की सीमित चौड़ाई के कारण आए दिन जाम की समस्या सामने आती है। इससे निजात दिलाने के लिए बाजार में बाईपास सड़क निर्माण की पुरानी मांग फिर उठने लगी है। चिड़गांव बाजार आसपास की पंचायतों और गांवों के लोगों का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण बाजार में यातायात का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण जरूरी है। स्थानीय लोगों ने सत्संग भवन से शिव मंदिर तक सड़क बनाने का सुझाव दिया है। रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी अश्वनी कुमार ने भी बाईपास सड़क निर्माण की योजना पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बाजार की बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार की जानी चाहिए। स्थानीय निवासी दीपन ठाकुर, रामगुरु संगठन, गंगा सिंह नेगी और आसाराम ने भी बाईपास निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से मांग की कि इस पुरानी मांग पर गंभीरता से विचार कर उचित कदम उठाए जाएं, ताकि चिड़गांव बाजार को जाम की समस्या से राहत मिले और लोगों का आवागमन सुगम हो सके।