पुलिस वेलफेयर पेंशनर एसोसिएशन की बैठक में मौजूद पदाधिकारी और अन्य। स्रोत: पेंशनर
बिलासपुर में त्रैमासिक बैठक में मेडिकल बिलों और वित्तीय लाभों में देरी का मुद्दा छाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन बिलासपुर की त्रैमासिक बैठक शनिवार को बाबा नाहर सिंह बजिया मंदिर के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान रविंद्र ठाकुर ने की। बैठक में जिलेभर से पहुंचे करीब 75 पुलिस पेंशनर ने भाग लिया और पेंशनर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक की शुरुआत हाल ही में दिवंगत हुए पुलिस पेंशनर की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद संगठन में शामिल हुए नए सदस्यों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठतम सदस्य निक्कु राम को बाबा नाहर सिंह की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। सदस्यों ने उनके लंबे सेवाकाल और संगठन के प्रति योगदान की सराहना की।बैठक के दौरान पेंशनर्स की लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने सरकार की ओर से लंबित मेडिकल प्रतिपूर्ति बिलों, अन्य वित्तीय लाभों के भुगतान में हो रही देरी और पेंशनर्स को पेश आ रही परेशानियों पर चर्चा की। उन्होंने मांग की कि लंबे समय से लंबित मामलों का जल्द समाधान किया जाए, ताकि पेंशनरों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। बैठक में विशेष अतिथि के रूप में डीएसपी (मुख्यालय) बिलासपुर मदन धीमान उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों का अनुभव विभाग के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया। बैठक के अंत में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।