बिलासपुर। झंडूता खंड के तलाई स्कूल के प्रधानाचार्य के चार्जशीट के बाद भी उनसे डीडीओ पावर नहीं छीनी गई है। उन्हें सरकारी पैसे के दुरुपयोग के मामले में मई में चार्जशीट किया गया था। अभी तक प्रधानाचार्य से आहरण एवं वितरण अधिकारी (डीडीओ) की शक्तियां वापस नहीं ली गई हैं।
तलाई स्कूल में साल 2020 में प्रधानाचार्य ने खेल सामग्री की खरीद की थी। इस खरीद के बाद अज्ञात व्यक्ति ने विजिलेंस को शिकायत दी कि खेल सामान की खरीद में पैसों का गड़बड़झाला किया गया है। इसके बाद विजिलेंस ने इस मामले की जांच शुरू की। इस खरीद से संबंधित पूरा रिकॉर्ड जांच एजेंसी ने अपने कब्जे में लिया। जब जांच पूरी हुई तो पाया कि इस खरीद में सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है। विजिलेंस ने जांच पूरी कर फाइल विभाग को सौंप दी। उससे आगे की कार्रवाई विभाग ने करनी थी। लंबे समय तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायतकर्ता ने फरवरी 2022 में सीएम हेल्पलाइन पर इस मामले पर विभाग की ओर से की कार्रवाई की जानकारी मांगी। हेल्पलाइन पर की शिकायत का जवाब मिला कि प्रमुख सचिव हिमाचल प्रदेश अनुशासनात्मक प्राधिकरण ने प्रधानाचार्य को 15 मई 2022 को चार्जशीट कर लिया गया है। अब हैरत है कि चार्जशीट के बाद भी प्रधानाचार्य के पास स्कूल की डीडीओ पावर किस आधार पर हैं। इसके बाद इन्हें वापस ले लेना चाहिए था। क्योकि जब तक ऐसे मामलों में विभागीय जांच चली हो तब तक उस अधिकारी को महत्वपूर्ण कार्य नहीं दिए जाते हैं।
अभी तक प्रधानाचार्य को चार्जशीट करने के आदेश नहीं आए हैं। न ही डीडीओ पावर वापस लेने के आदेश हैं। जब तक इस तरह के कोई आदेश नहीं आते तब तक डीडीओ पावर प्रधानाचार्य के पास ही रहेगी। एक बार चेतावनी के आदेश आए थे वो प्रधानाचार्य को जारी कर दिए हैं।
राजकुमार, उप निदेशक, उच्च शिक्षा बिलासपुर