हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में तलाई थाना के अंतर्गत ग्राम पंचायत मलांगण के जोड़ गांव में शुक्र खड्ड में लगे क्रशर में सिलिंडर फटने के मामले में क्रशर मालिक के खिलाफ गैर इरातन हत्या और लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया। वहीं, जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कामगार घरेलू गैस सिलिंडर और ऑक्सीजन गैस सिलिंडर जोड़ कर क्रशर शेड के अंदर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। सिलिंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि चार व्यक्ति घायल हैं। पुलिस ने प्रत्यक्ष दर्शियों के बयान दर्ज किए हैं।
पुलिस को दिए बयान में एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया है कि रविवार शाम के समय स्टोन क्रशर पर काम करने वाले प्रवासी मजदूर टीनपोश शैड के अंदर घरेलू गैस सिलिंडर और ऑक्सीजन गैस के सिलिंडर जोड़ कर वेल्डिंग कर रहे थे। अचानक जोर से धमाका हुआ और पांच लोग शैड के बाहर आ गिरे। चार घायल अवस्था में थे, जबकि मोनू मौर्य निवासी गांव वलाया डाकघर चिड़ेश्वर जिला आजमगढ़ उत्तर प्रदेश का शव क्षत विक्षत अवस्था में पड़ा था। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार क्रशर मालिक सुनिधि कपिल ने घरेलू गैस सिलिंडर को वेल्डिंग के काम में लगाया हुआ था और सुरक्षा का कोई भी प्रबंध नहीं किया था। उधर, डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने बताया कि आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।