बिलासपुर। एम्स बिलासपुर में गणेश उत्सव मनाया जा रहा है। गणेश की मूर्ति की स्थापना और आरती के साथ सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। एम्स ने उत्सव को इंस्टीट्यूशनल ऑननेस-वन एम्स, वन टीम, वन कम्युनिटी की थीम से जोड़ा है। इसका फोकस संस्थान में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाने वाले लोगों के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ाने पर है। रोजाना मरीजों की देखभाल, प्रशासनिक कामकाज और अन्य जिम्मेदारियों में व्यस्त रहने वाले कर्मचारियों को उत्सव के माध्यम से साथ आने का अवसर मिल रहा है। गणेश उत्सव के दौरान केवल पूजा और आरती ही नहीं होगी, बल्कि संस्थान के सदस्यों के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें इंडोर और मनोरंजक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सह-शैक्षणिक गतिविधियां शामिल हैं। गणेश की मूर्ति की स्थापना के अवसर पर संस्थान परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। भगवान गणेश से बुद्धि, सद्भाव, समृद्धि और संस्थान की निरंतर प्रगति की कामना की गई। गणेश उत्सव का समापन 20 सितंबर को गणेश की मूर्ति के विसर्जन के साथ होगा।