स्वारघाट (बिलासपुर)। स्वारघाट कस्बे के समीप जालादेवी मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए 10 दिन तक बंद रहेंगे। मंदिर के पास रहने वाले युवक के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य महकमे ने यह पग उठाया है। शनिवार को जालादेवी गांव का एक 25 साल का युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। युवक दवाई लेने के लिए नयनादेवी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घवांडल आया था। रैपिड एंटीजन सैंपल लेने के बाद संक्रमित पाया गया। युवक को कोविड केयर सेंटर मातृ आंचल में शिफ्ट किया गया है। उक्त युवक की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। गांव जालादेवी का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को दौरा किया। ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 10 दिन तक गांव के मंदिर में श्रद्धालुओं के आने पर रोक लगा दी है। संक्रमित युवक के प्राथमिक संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी है। दो परिवारों को होम क्वारंटीन के आदेश दिए हैं।