विस क्षेत्र झंडूता के समोह गांव में जुलाई 2016 में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो युवकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों को मोबाइल के ईएमआई नंबर के आधार पर पकड़ा है। शुक्रवार दोपहर बाद दोनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
शनिवार को दोनों युवकों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस दोनों से गहनता से पूछताछ कर मामले की तह तक जाने की कोशिश में जुट गई है। पुलिस चोरी के अन्य मामलों को भी ध्यान में रखकर आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि झंडूता विधानसभा क्षेत्र के समोह में राज किशोर की दुकान से रात को चोरों ने तीन मोबाइल और तीन पंखे चुरा लिए थे। इसके अलावा चोरों ने करीब 15,740 रुपये की नकदी पर भी हाथ साफ कर लिया था। दुकानदार ने इसकी शिकायत झंडूता चौकी में दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसी दौरान दुकानदार ने पुलिस को तीनों मोबाइल के ईएमआई नंबर दिए। इसके बाद पुलिस ने ईएमआई नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश करनी शुरू कर दी। पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली की दो आरोपी समोह गांव में ही हैं। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं। दोनों युवकों की पहचान अशोक और चमन समोह के रूप में हुई है।
झंडूता चौकी प्रभारी राज कुमार ने बताया कि चोरी के मामले में दो आरोपियों को दोपहर बाद हिरासत में लिया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।