घुमारवीं प्राथमिक शिक्षा खंड-1 के तहत प्राथमिक पाठशाला सेउ में चोरों ने स्कूल के ताले तोड़कर वहां से बच्चों के मिड-डे मील का सारा राशन चुरा लिया है। इससे पहले भी यहां पर चोर आठ बार चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके है।
मगर अभी तक पुलिस को इसमें से किसी मामले में आरोपियों को पकड़ने में सफलता नहीं मिली है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पाठशाला की मुख्य शिक्षका शकुंतला देवी और एसएमसी प्रधान जगदंबा, सदस्य मंजू और सोनू ने बताया कि यहां पर पहले भी आठ बार चोर चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके है।
उन्होंने बताया कि कुछ लोग रात को स्कूल परिसर में गाड़ियां खड़ी कर देते हैं और चोर गाड़ियों की आड़ में चोरी को अंजाम देते हैं। स्कूल प्रशासन ने प्रशासन से कई बार यहां पर गाड़ियां खड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मगर समस्या हल होने का नाम नहीं ले रही है। स्कूल की मुख्य शिक्षका ने बताया कि इसकी सूचना खंड प्रारंभिक शिक्षा खंड अधिकारी और पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार ने कहा कि इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।