शाहतलाई थाना के अंतर्गत बरठीं इलाके में अज्ञात लोगों ने सड़क किनारे खड़ी एक जीप को आग लगा दी। इससे जीप बुरी तरह से जल गई है। गाड़ी के मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। हालांकि, अभी तक गाड़ी को आग लगाने वालों का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सतीश कुमार निवासी बरठीं ने अपनी जीप एचपी 23बी-3091 बरठीं के समीप खड़ी की थी। वीरवार देर रात उसके दोस्त ने सूचना दी कि अज्ञात लोगों ने उसकी गाड़ी जला दी है। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा। लेकिन, तब तक गाड़ी का काफी नुकसान हो चुका था। उसने शंका जाहिर की है कि कुछ लोगों ने जानबूझ कर उनकी गाड़ी को आग लगा दी। डीएसपी अंजनि जस्वाल ने बताया कि गाड़ी के मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।