थाना शाहतलाई के अंतर्गत बरठीं के भटोली गांव में एक कॉलेज छात्रा ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। छात्रा अपने कमरे की सीलिंग में पंखे के लिए लगाई कुंडी में रस्सी लगाकर फंदे पर झूल गई। हालांकि, उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
पुलिस केे अनुसार, ग्राम पंचायत बरठीं के भटोली गांव 20 वर्षीय प्रियंका ने शुक्रवार शाम अपने घर में ही फंदा लगा लिया। वह अपने कमरे में थी। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकली तो उसके भाई निखिल ने उसे आवाज लगाई। लेकिन, भीतर से कोई आवाज नहीं आई।
निखिल ने खिड़की से झांका तो प्रियंका कमरे में पंखे के लिए लगाई कुंडी में रस्सी लगाकर फंदा लगा चुकी थी। किसी तरह से दरवाजा तोड़कर परिजन भीतर दाखिल हुए और उसे बरठीं अस्पताल लेकर गए। लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
युवती ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम क्यों उठाया, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। इस बारे में मृतका के परिजनों के बयान भी लिए जा रहे हैं। प्रियंका घुमारवीं कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी।
डीएसपी अंजनि जस्वाल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।