भराड़ी थाना के तहत आने वाले भपराल गांव में शिलान्यास पट्टिका तोड़ने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक बीते मार्च माह में पशुपालन मंत्री अनिल शर्मा ने भपराल में बनने वाले पशु औषधालय की नींव रखी थी। इसकी शिलान्यास पट्टिका पर मंत्री अनिल शर्मा और मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी का नाम अंकित था। लेकिन, अज्ञात व्यक्ति ने इस शिलान्यास पट्टिका को तोड़ दिया। फार्मासिस्ट नरेश कुमार ने बताया कि पशु औषधालय में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी ने उन्हें बताया कि भपराल में शिलान्यास पट्टिका तोड़ दी गई है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा तो किसी ने शिलान्यास पट्टिका तोड़ दी थी। फार्मासिस्ट की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।